मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह, बीरोंखाल (2026) का भव्य एवं गरिमापूर्ण समापन
गढ़वाल पट्टी खाटली सामाजिक विकास मंडल, दिल्ली द्वारा दिनांक 26 सितंबर 2026 को वीरबाला तीलू रौतेली सभागार, बीरोंखाल में आयोजित मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह का भव्य एवं गरिमापूर्ण समापन हुआ।
यह हम सभी के लिए अत्यंत हर्ष और गर्व का विषय है कि हमारे प्रतिभाशाली बच्चे शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर नई ऊँचाइयाँ प्राप्त कर रहे हैं। इन मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए मंडल ने उनकी मेहनत, लगन, प्रतिभा और सफलता का उत्सव मनाया।
इन विद्यार्थियों की सफलता के पीछे उनके शिक्षकों का मार्गदर्शन, माता-पिता का त्याग एवं प्रोत्साहन तथा विद्यार्थियों की निरंतर मेहनत और समर्पण की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। सभी अभिभावकों एवं शिक्षकों को मंडल की ओर से विशेष नमन एवं हार्दिक धन्यवाद।
इस अवसर पर हमारे सम्माननीय अतिथियों—बीरोंखाल ब्लॉक के BDO श्री सुदर्शन बुटोला जी, ब्लॉक प्रमुख श्रीमती नेहा नेगी जी, जिला पंचायत सदस्य श्री अनूप पटवाल जी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख श्री राजेश कंडारी जी, कर्नल यशपाल नेगी जी तथा क्षेत्र के अन्य वरिष्ठ गणमान्य व्यक्तियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं का हृदय से आभार, जिन्होंने अपना बहुमूल्य समय देकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई और हमारे विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
विशेष रूप से, मंत्रिमंडल द्वारा लगातार संपर्क बनाए रखने तथा बीरोंखाल में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक के दौरान किए गए विशेष आग्रह पर क्षेत्र के दौरे पर आए गढ़वाल के सांसद श्री अनिल बलूनी जी ने भी अपना अमूल्य समय इस कार्यक्रम को प्रदान किया। उनकी गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी भव्य स्वरूप प्रदान किया। उन्होंने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया तथा मंडल को क्षेत्र के महत्वपूर्ण कार्यों में सहयोग का आश्वासन भी दिया। इसके लिए मंडल उनका हृदय से आभार व्यक्त करता है।
भारी बारिश के बावजूद कार्यक्रम को सफल एवं गरिमापूर्ण बनाने में अपना सहयोग देने वाले सभी सहयोगियों, कार्यकर्ताओं, युवा साथियों, मातृशक्ति एवं उपस्थित सभी बंधुओं का मंडल की ओर से हृदय से धन्यवाद।
यह आयोजन केवल एक सम्मान समारोह नहीं, बल्कि हमारी आने वाली पीढ़ी के सपनों, प्रतिभा और उज्ज्वल भविष्य के प्रति हमारी सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है। मंडल का यह आयोजन निश्चित रूप से एक मील का पत्थर साबित हुआ है और हम सभी की उस परिकल्पना को मजबूत करता है, जिसमें शिक्षा, संस्कार और प्रतिभा के माध्यम से पट्टी खाटली को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का संकल्प निहित है।
सभी सम्मानित विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ।
खाटली सामाजिक विकास मंडल, दिल्ली
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें